शिमला : हिमाचल प्रदेश के मौसम में आए बदलाव से रोजाना नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। शुक्रवार रात केलांग में बीते 17 वर्षों में पहली बार अप्रैल में न्यूनतम तापमान माइनस छह डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पास केलांग का रिकॉर्ड वर्ष 2005 से उपलब्ध है। इन वर्षों में अभी तक माइनस छह डिग्री तापमान दर्ज नहीं हुआ।
प्रदेश में हुई ताजा बर्फबारी से केलांग के न्यूनतम तापमान में भारी कमी दर्ज हुई। बीते वर्ष केलांग में तीन अप्रैल को न्यूनतम तापमान माइनस पांच डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। शनिवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा।
धूप खिलने के बावजूद प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 27 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। 28 से 30 अप्रैल तक शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 30 अप्रैल तक मौसम साफ रहने की संभावना है। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 31.4, बिलासपुर में 30.0, मंडी में 29.4, सुंदरनगर में 29.2, हमीरपुर में 29.0, कांगड़ा में 28.5, सोलन में 27.4, नाहन में 27.3, भुंतर में 27.0, चंबा में 26.5, धर्मशाला में 21.6, शिमला में 20.3, मनाली में 19.8, डलहौजी में 14.3, कुफरी में 13.8, कल्पा में 9.4 और केलांग में 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
शुक्रवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 6.1, कल्पा में माइनस 1.6, मनाली में शून्य, डलहौजी में 4.8, कुफरी में 4.7, भुंतर में 4.4, मंडी में 7.1, सोलन में 7.3, शिमला में 7.4, कांगड़ा में 10.4, हमीरपुर में 11.2, बिलासपुर में 11.5, ऊना में 14.0 और नाहन में 15.3 डिग्री रहा।