अजय सिंह ‘राहुल भैया’ ने कहा – यादव परिवार से हमारा रिश्ता
राजनीति से बढ़कर परिवार का रिश्ता है
बोरावां में अरूण यादव एवं सचिन यादव के साथ बिताया आत्मीय समय,
स्व. सुभाष यादव की धर्मपत्नी श्रीमती दमयंती यादव से लिया आशीर्वाद
जेआईटी बोरावां में पं. जवाहरलाल नेहरू को किया नमन,
संस्थापक स्व. सुभाष यादव को अर्पित की भावांजलि 
खरगोन। मध्यप्रदेश की राजनीति के दो प्रमुख परिवारों अर्जुन सिंह और सुभाष यादव के बीच पांच दशकों से अधिक समय से चले आ रहे पारिवारिक, आत्मीय और अटूट रिश्तों की विरासत आज भी उसी मजबूती और अपनत्व के साथ कायम है। इसी रिश्ते की खूबसूरत तस्वीर मंगलवार को बोरावां में देखने को मिली, जब मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने पूर्व केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव एवं मध्यप्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव और परिवार के सदस्यों श्रीमती दमयंती यादव, राजेन्द्र यादव, डॉ. श्रीमती नम्रता यादव और हर्ष यादव के साथ आत्मीय समय बिताया।
अजय सिंह ‘राहुल भैया’ ने बोरावां प्रवास के दौरान अरूण यादव एवं सचिन यादव के निवास पर सोमवार को रात्रि विश्राम किया। मंगलवार सुबह उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव की धर्मपत्नी श्रीमती दमयंती यादव से आत्मीय भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पुरानी पारिवारिक स्मृतियां ताजा हुईं और कई दशकों से चले आ रहे इन रिश्तों की आत्मीयता एक बार फिर जीवंत हो उठी।
यह मुलाकात महज राजनीतिक नेताओं की भेंट नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच पीढ़ियों से चली आ रही उस विरासत का भावुक क्षण थी, जिसकी नींव पूर्व मुख्यमंत्री स्व. अर्जुन सिंह और पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव ने रखी थी। इसके पश्चात अजय सिंह ‘राहुल भैया’ ने अरूण यादव एवं सचिन यादव के साथ बोरावां स्थित राधाकृष्ण मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन एवं पूजन-अर्चन किया तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। 
जेआईटी बोरावां में पं. नेहरू को नमन, स्व. सुभाष यादव की स्मृतियों को किया प्रणाम
इसके बाद तीनों वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी (जेआईटी), बोरावां पहुंचकर देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के शिल्पकार पं. जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। अरूण यादव एवं सचिन यादव ने अजय सिंह को संस्थान के विभिन्न विभागों, शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों एवं संस्थान की विकास यात्रा से अवगत कराया तथा कॉलेज परिसर का भ्रमण कराया। इस दौरान तकनीकी शिक्षा, विद्यार्थियों के भविष्य और संस्थान की विभिन्न गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई।
जेआईटी परिसर में पहुंचने पर अजय सिंह ने संस्थान के संस्थापक एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र भावांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने स्व. सुभाष यादव के योगदान एवं दूरदर्शी सोच को स्मरण किया।
अजय सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में स्व. सुभाष यादव द्वारा रोपा गया यह पौधा आज एक विशाल संस्थान का रूप ले चुका है और हजारों विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह उनके सपनों और संकल्पों को आगे बढ़ाने वाली जीवंत विरासत है। संस्थान के अध्यक्ष अरूण यादव ने अजय सिंह का जेआईटी के समस्त स्टॉफ से परिचय करवाया। संस्थान परिवार द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
अर्जुन सिंह और सुभाष यादव ने रिश्तों की जो नींव रखी, उसे हमने और मजबूत किया
बोरावां प्रवास के दौरान यादव परिवार के साथ अपनी आत्मीय मुलाकात और जेआईटी भ्रमण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अजय सिंह ‘राहुल भैया’ ने कहा कि अर्जुन सिंह और सुभाष यादव के बीच पांच दशकों से भी अधिक समय से पारिवारिक और आत्मीय संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा, मेरे पिताजी स्व. अर्जुन सिंह और स्व. सुभाष यादव के बीच केवल राजनीतिक संबंध नहीं थे, बल्कि दोनों परिवारों के बीच बेहद आत्मीय और पारिवारिक रिश्ता था। उस रिश्ते की जो मजबूत नींव उन्होंने रखी थी, उसे मैंने, अरूण यादव और सचिन यादव ने आगे बढ़ाया है और उसे और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि समय बदला, पीढ़ियां बदलीं और राजनीतिक परिस्थितियां भी बदलीं, लेकिन रिश्तों की यह विरासत आज भी उतनी ही मजबूत और आत्मीय है। 
अजय सिंह ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन परिवार के रिश्ते राजनीति से कहीं ऊपर होते हैं। यादव परिवार के साथ हमारा रिश्ता केवल राजनीतिक संबंध नहीं है, यह विश्वास, अपनत्व, सम्मान और पांच दशकों से अधिक पुरानी पारिवारिक विरासत का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि निमाड़ अंचल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी उनके परिवार के लंबे समय से आत्मीय संबंध रहे हैं। स्व. सुभाष यादव ने निमाड़ में कांग्रेस संगठन को मजबूत आधार दिया और उनके बाद अरूण यादव एवं सचिन यादव ने इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच अपनी मजबूत भूमिका निभाई है।
निमाड़ में कांग्रेस संगठन की मजबूती भी इस रिश्तों की विरासत का हिस्सा
अजय सिंह ने कहा कि यादव परिवार की राजनीतिक और सामाजिक यात्रा केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रही है। निमाड़ की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संगठन के साथ उनका निरंतर जुड़ाव इस क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूत परंपरा का हिस्सा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन की असली शक्ति उसके कार्यकर्ताओं और उनके बीच के आत्मीय संबंधों में निहित है। वरिष्ठ नेताओं के बीच विश्वास, संवाद और पारिवारिक अपनत्व संगठन को मजबूती प्रदान करता है। आने वाले समय में भी सभी वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच मजबूती से कार्य करेंगे।
बोरावां में जीवंत हुई पांच दशकों की आत्मीय विरासत
अजय सिंह ‘राहुल भैया’ का बोरावां प्रवास केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच पांच दशकों से अधिक समय से चले आ रहे आत्मीय रिश्तों की विरासत का जीवंत प्रतिबिंब रहा। एक ओर स्व. अर्जुन सिंह और स्व. सुभाष यादव की पुरानी मित्रता और पारिवारिक रिश्तों की स्मृतियां थीं, तो दूसरी ओर अरूण यादव, सचिन यादव और अजय सिंह के रूप में नई पीढ़ी उस विरासत को आगे बढ़ाती दिखाई दी।
बोरावां में हुई यह आत्मीय मुलाकात इस बात की गवाह बनी कि समय भले बदल जाए, पीढ़ियां बदल जाएं और राजनीतिक परिस्थितियां बदल जाएं लेकिन सच्चे पारिवारिक रिश्तों की विरासत कभी खत्म नहीं होती।