जशपुर । भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवप्रकाश तिवारी द्वारा लगातार विभिन्न ग्रामों एवं ग्राम पंचायतों में जनसंपर्क सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 19 सितंबर को ग्राम पोरतेंगा, 20 सितंबर को ग्राम पंचायत गम्हरिया तथा 25 सितंबर को ग्राम पंचायत सिटोंगा में समीक्षा बैठक एवं जनसंपर्क कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने विष्णु सरकार की योजनाओं को लेकर लोगों को जानकारी भी दी। साथ उन्होंने जाना कि यह लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। बैठकों के दौरान श्री तिवारी ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना।
गांव की बची-कुची समस्याओं को उन्होंने स्वयं अपनी डायरी में नोट किया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल दूरभाष एवं पत्र के माध्यम से निवेदन किया कि जनसमस्याओं का निराकरण शीघ्रता से सुनिश्चित किया जाए। संगठन की मजबूती के लिए मैदान में डटे श्री तिवारी
संगठनात्मक दृष्टि से भाजपा किसान मोर्चा को सशक्त बनाने के लिए शिवप्रकाश तिवारी पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ मैदान में उतरे। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार का अभी लगभग 2 वर्ष का कार्यकाल शेष है, परंतु चुनाव से दो वर्ष पूर्व ही जनता के बीच जाकर सीधे संवाद स्थापित करना, उनकी तकलीफें सुनना और समाधान का प्रयास करना उनकी जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वे ग्रामीणों के बीच हुंकार भरते हुए उन्हें बता रहे हैं कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो सदैव जनता से सीधा संवाद बनाए रखती है और ग्रामीणों के हित में निरंतर कार्य करती है।
डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का मिल रहा लाभ
बैठक को संबोधित करते हुए श्री तिवारी ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘डबल इंजन’ की सरकार छत्तीसगढ़ के चौमुखी विकास के लिए संकल्पित है। हाल ही में 17 सितंबर को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर ग्रामीणों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करने हेतु श्री तिवारी ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला गैस योजना और आयुष्मान भारत योजना जैसी जनहितैषी योजनाओं से आज देश का हर गरीब और वंचित वर्ग लाभान्वित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि एक सुरक्षित छत्तीसगढ़, विकसित छत्तीसगढ़ और सुशासन युक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए भाजपा की सरकार को पुनः चुनना आवश्यक है। 
ग्रामीण इस बात से अत्यंत प्रसन्न हैं कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व एवं कार्यकर्ता लगातार उनके बीच पहुंचकर उनका हाल-चाल जान रहे हैं और उनकी समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं।