दुर्ग । पुलिस पुलगांव (चौकी जेवरा सिरसा), जिला दुर्ग से खबर है कि दुर्ग-धमधा रोड पर लूट के दौरान हुई हत्या का 48 घंटे में खुलासा हो गया है। 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी सहित तीन विधि से संघर्षरत बालक अभिरक्षा में है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सफल कार्रवाई की है।
▪️ ब्लाइंड मर्डर एवं लूट की वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी एवं तीन विधि से संघर्षरत बालकों को चिन्हित कर अभिरक्षा में लिया गया।
▪️ घटनास्थल से लेकर शहर एवं ग्रामीण मार्गों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का लगातार विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
▪️ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा तथा लूटी गई नगदी राशि आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर जप्त की गई।
▪️ एसीसीयू एवं चौकी जेवरा सिरसा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा वैज्ञानिक विवेचना, सतत फील्ड वर्क एवं तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से गंभीर हत्या एवं लूट के प्रकरण का सफल निराकरण किया गया।*
संक्षिप्त विवरण :
दिनांक 02.08.2026 को प्रार्थी चोवाराम लोधी, निवासी ग्राम तुमाकला, थाना धमधा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह अपने परिचित भूषण पटेल एवं प्रकाश सिंह कश्यप के साथ मोटरसाइकल क्रमांक CG 07 BL 6128 से शंकराचार्य अस्पताल जाने के लिए निकले थे। रास्ते में वे स्मृति नगर एवं भिलाई क्षेत्र में कुछ समय रुके तथा देर रात्रि लगभग 02:00 बजे दुर्ग-धमधा रोड स्थित जय गजानंद ट्रक श्रृंगार के सामने पहुंचे।
इसी दौरान काले रंग की डिस्कवर मोटरसाइकल में सवार चार युवक पीछे से आए और उनकी मोटरसाइकल रोककर विवाद करने लगे। कुछ ही क्षणों में आरोपियों ने डंडों से मारपीट शुरू कर दी तथा प्रकाश सिंह कश्यप की जेब में रखा मोबाइल फोन एवं नगदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक आरोपी ने प्रकाश सिंह कश्यप पर धारदार हथियार से लगातार वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। अन्य आरोपियों ने प्रार्थी एवं उसके साथी के साथ भी मारपीट कर उनकी जेब में रखी लगभग ₹4,000/- की नगदी लूट ली और घटना के बाद धमधा की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 एवं पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा घायल प्रकाश सिंह कश्यप को जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में चौकी जेवरा सिरसा थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 691/2026 अंतर्गत धारा 103(1), 311 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीम गठित कर सभी संभावित पहलुओं पर एक साथ जांच प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य संकलित किए। साथ ही घटनास्थल से लेकर दुर्ग, भिलाई, धमधा मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का लगातार विश्लेषण किया गया। कई घंटों तक फुटेज का क्रमवार मिलान कर संदिग्ध मोटरसाइकल की आवाजाही, समय, दिशा एवं रूट का वैज्ञानिक विश्लेषण किया गया।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी विश्लेषण एवं मुखबिर तंत्र से प्राप्त सूचनाओं का समन्वित परीक्षण किया गया, जिसके आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान सुनिश्चित हुई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी एवं तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने घटना करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा तथा लूटी गई नगदी राशि बरामद कर विधिवत जप्त की गई। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका) :
आरोपियों द्वारा देर रात्रि सुनसान मार्ग पर मोटरसाइकल सवार राहगीरों को रोककर पहले विवाद उत्पन्न किया जाता था। इसके बाद सामूहिक रूप से मारपीट कर मोबाइल एवं नगदी लूटने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर अपराध कारित किया गया तथा आरोपी तत्काल मोटरसाइकल से फरार हो गए।
घटना का कारण :
राहगीरों से लूट करने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया गया, जिसका विरोध करने पर हत्या की घटना कारित हुई।
घटनास्थल :
जय गजानंद ट्रक श्रृंगार के सामने, दुर्ग-धमधा रोड, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
आरोपी का नाम :
1. आदर्श उर्फ लाल, उम्र 19 वर्ष, निवासी कादम्बरी नगर, राम मंदिर के सामने, मोहन नगर, जिला दुर्ग।
2. तीन विधि से संघर्षरत बालक।
जप्त सामग्री :
1. घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकल।
2. एक धारदार हथियार।
3. एक पाइप।
4. एक डंडा।
5. लूटी गई नगदी राशि।
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्रवाई में चौकी जेवरा सिरसा एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम द्वारा लगातार फील्ड वर्क, तकनीकी अनुसंधान, मुखबिर तंत्र के प्रभावी उपयोग, सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण एवं त्वरित समन्वय के माध्यम से मात्र 48 घंटे के भीतर गंभीर एवं चुनौतीपूर्ण हत्या एवं लूट के प्रकरण का सफल खुलासा किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। आमजन द्वारा समय पर दी गई सूचना अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।