सेवा संकल्प अभियान के तहत अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मानिकचौरी में भव्य कार्यक्रम

अभनपुर/मानिकचौरी । सेवा संकल्प अभियान के तहत अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मानिकचौरी में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलन, कन्या पूजा, गंगा आरती और क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान समारोह मुख्य आकर्षण रहे। कार्यक्रम में उमड़े भारी भीड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी अटूट आस्था और स्नेह का प्रकटीकरण किया।

इस कार्यक्रम का राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत क्षण वह था, जब राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के लिए ‘जल संकल्प’ लिया गया। देश को उन्नत, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ, कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, अतिथियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने अपने हाथों में पवित्र जल के साथ ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने की शपथ ली। उपस्थित जनसमुदाय ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे देश के विकास, स्वच्छता, और सामाजिक समरसता में अपनी हर संभव सहभागिता सुनिश्चित करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘पंच प्रण’ के आह्वान को गांव गांव तक पहुंचाएंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “आज पूरे देश में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन को लेकर एक अद्भुत उत्साह और ऊर्जा का वातावरण है। समाज का हर वर्ग—चाहे वे बच्चे हों, बूढ़े हों, युवा हों या महिला शक्ति—सभी इस ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा बनने के लिए स्वस्फूर्त रूप से आगे आ रहे हैं।”

श्री साहू ने प्रधानमंत्री के जीवन संघर्ष को रेखांकित करते हुए आगे कहा, “नरेन्द्र मोदी जी की जीवन यात्रा करोड़ों भारतीयों के लिए एक जीवंत प्रेरणा है। गुजरात के एक छोटे से कस्बे ‘वडनगर’ की पावन जन्मस्थली से शुरू होकर देश की ‘कर्मस्थली दिल्ली’ और आध्यात्मिक नगरी ‘वाराणसी’ तक का उनका सफर, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। एक शासन प्रमुख के तौर पर, चाहे गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में हो या देश के प्रधानसेवक के रूप में, मोदी जी ने 25 सफल वर्ष पूरे कर लिए हैं। यह 25 वर्षों का कार्यकाल देश के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक पुनरुत्थान का काल रहा है।

आज हम सभी मानिकचौरी की पावन धरा पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर ईश्वर से उनके दीर्घायु होने की कामना कर रहे हैं और पूरे अभनपुर की तरफ से उन्हें जन्मदिन की कोटि-कोटि बधाई प्रेषित करते हैं।

इस धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम के दौरान भव्य गंगा आरती भी किया गया। इसके साथ ही देश की संस्कृति और नारी शक्ति के प्रतीक स्वरूप ‘नवकन्या पूजा’ कर उनका आशीर्वाद लिया गया। समाज निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देने वाले क्षेत्र के नौ (09) वरिष्ठ नागरिकों का शाल-श्रीफल भेंट कर भावभीना सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने भी संबोधित किया। मंच का कुशल संचालन चुम्मन लाल साहू द्वारा किया गया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत मानिकचौरी की सरपंच श्रीमती हेमलता साहू, पूर्व सरपंच बुद्धेश्वर साहू, रमेश साहू, गोविन्द प्रसाद तिवारी, ईश्वरी देवांगन सहित भारी संख्या में स्थानीय प्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *