युद्धवीर सिंह जूदेव की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब…

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर राजघराने के युवराज कुंवर युद्धवीर सिंह जूदेव की आज अंतिम यात्रा उनके विजय विहार पैलेस से निकली। पार्थिव देह के जशपुर पहुंचने के बाद से उनके अंतिम दर्शन के लिए जो हुजुम उमड़ पड़ा था, उसका सही आकलन आज अंतिम यात्रा के दौरान हुआ, जब जशपुर नगर की सड़कों पर पैर रखने तक की जगह नहीं थी।

उनका उपचार बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां सोमवार तड़के 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली थी। कल दोपहर उनके पार्थिव शरीर को विशेष विमान से जशपुर लाया गया। जशपुर के हवाई पट्टी पर जैसे ही विमान उतरा, लोगों का हुजुम उनके अंतिम दर्शन के लिए टूट पड़ा।

कुंवर युद्धवीर सिंह पिता स्व. दिलीप सिंह जूदेव की तरह ही अपनी बात के पक्के थे। उनकी जुबान से एक बार जो बात निकल गई, तो फिर उसके लिए अपनी जान तक की परवाह नहीं किया करते थे। अपनी बेबाकी और जिंदादिली के लिए कुंवर युद्धवीर सिंह को जाना जाता था। इसके कई उदाहरण छत्तीसगढ़ में आज भी मौजूद हैं।

कुंवर युद्धवीर सिंह चंद्रपुर विधानसभा से दो बार के विधायक रहे। भाजपा नेता होने के साथ उन्हें ब्रेवरेज कार्पोरेशन के अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी दी गई थी। नेतागिरी अपनी जगह पर थी, पर सही मायने में युद्धवीर हमेशा से राजशाही की जिंदगी ही जीया करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *