सेंसेक्स, 41,000 के नीचे,लगातार चौथे कारोबारी दिन लाल निशान पर बंद हुआ बाजार,

नई दिल्ली:सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। आज लगातार चौथे दिन बाजार गिरावट पर बंद हुआ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 161.31 अंक यानी 0.39 फीसदी की गिरावट के बाद 40,894.38 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 53.30 अंक यानी 0.44 फीसदी की गिरावट के बाद 11,992.50 के स्तर पर बंद हुआ है।

इसलिए आई गिरावट

कोरोनावायरस का आतंक इस कदर छा गया है कि इसकी वजह से शेयर बाजार में जोरदार गिरावट देखी जा रही है। इसके चलते निवेशकों का रुख भी सावधानी भरा बना हुआ है। चीन में घातक कोरोनावायरस से 98 और लोगों की मौत हो जाने से संक्रमण से मरने वालों की संख्या मंगलवार को 1,868 हो गई और अभी तक इसके कुल 72,436 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इसके अतिरिक्त निराशाजनक तिमाही नतीजे और एशियाई बाजारों से मिले गिरावट के संकेत की वजह से भी बाजार प्रभावित हुआ। एजीआर का मामला भी गिरावट के कारकों में से एक है। टेलीकॉम कंपनियों के शेयरों के साथ-साथ बैंकों के शेयरों को लेकर भी निवेशक सतर्क रहे।

ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल

दिग्गज शेयरों की बात करें, तो मंगलवार को जी लिमिटेड, कोल इंडिया, बीपीसीएल, गेल, अडाणी पोर्ट्स, एसबीआई, सिप्ला, इंफोसिस और पावर ग्रिड के शेयर बढ़त पर बंद हुए। वहीं यस बैंक, इंफ्राटेल, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक, भारती एयरटेल, ग्रासिम, यूपीएल, मारुति और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर गिरावट पर बंद हुए।

सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर

सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी और मीडिया के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें रियल्टी, मेटल, प्राइवेट बैंक, ऑटो, फार्मा, पीएसयू बैंक और एफएमसीजी शामिल हैं।

40,929.06 के स्तर पर खुला था सेंसेक्स

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 126.63 अंक यानी 0.31 फीसदी की गिरावट के बाद 40,929.06 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 40.55 अंक यानी 0.34 फीसदी की गिरावट के बाद 12,005.25 के स्तर पर खुला था। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे सेंसेक्स 408.98 अंकों की गिरावट के बाद 40,646.71 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 123.35 अंक यानी 1.02 फीसदी की गिरावट के बाद 11,922.45 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

पिछले कारोबारी दिन मामूली बढ़त पर खुला था बाजार

सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार मामूली बढ़त पर खुला था। सेंसेक्स 12.51 अंक यानी 0.03 फीसदी की बढ़त के बाद 41,270.25 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 14.25 अंक यानी 0.12 फीसदी की बढ़त के बाद 12,127.70 के स्तर पर खुला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *