मुंबई : महाराष्ट्र के पंढरपुर-मंगलवेधा विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक भरत भालके का शनिवार को पुणे के रूबी अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें कोविड-19 के बाद की समस्याओं के उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। वह 30 अक्तूबर को कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। तब उन्हें रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे चार दिनों में ठीक होकर अपने घर लौट गए थे।



इसके बाद वे किडनी समस्या से ग्रसित हो गए थे। इस कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने शुक्रवार को अस्पताल का दौरा किया था और भालके की स्थिति के बारे में जानकारी ली थी।
लगातार तीन बार पंढरपुर-मंगलवेधा सीट से जीते
60 साल के भालके का निधन एनसीपी के लिए झटके की तरह है। वे लगातार तीन बार पंढरपुर-मंगलवेधा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। उन्होंने 2019 में कांग्रेस छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए थे, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। फिर उन्होंने एनसीपी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। पंढरपुर के सरकोली में रविवार को भालके का अंतिम संस्कार किया जाएगा।