रायपुर। DIG डॉ. संतोष कुमार सिंह की पुस्तक को प्रधानमंत्री कार्यालय और एनएसए अजीत डोभाल की सराहना मिली है। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली से जारी दो अलग-अलग पत्रों में देश के शीर्ष पदस्थ अधिकारियों ने डॉ. सिंह के शोध कार्य को सराहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने अपने पत्र में पुस्तक को “बेहद शोधपूर्ण और उपयोगी” बताते हुए कहा कि यह संयुक्त राष्ट्र की पीसबिल्डिंग कमीशन की कार्यप्रणाली को समझने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
उन्होंने लिखा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य और संघर्षों के बीच शांति स्थापना के प्रयासों को समझने के लिए इस तरह के अध्ययन की आवश्यकता है। तो वहीं, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव-2 शक्तिकांत दास ने भी डॉ. सिंह को पत्र लिखकर इस महत्वपूर्ण प्रकाशन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक अंतरराष्ट्रीय शांति स्थापना के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान है और इसे तैयार करने में किए गए समर्पित प्रयास सराहनीय हैं।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने डॉ. संतोष कुमार सिंह को सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं। आपको बता दें कि श्री सिंह अपनी सोशल पुलिसिंग के लिए जाने जाते हैं और इसके लिए उन्हें कई बड़े पुरस्कार भी मिले हैं। आईपीएस संतोष कुमार सिंह हमेशा प्रयोगधर्मी अधिकारी के तौर पर जाने जाते हैं जिन्होंने ने अपनी कप्तानी के दौरान खासी सफलता अर्जित की है।