रायपुर । केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किया गया बजट देश की जनता को निराश करने वाला तथा कारपोरेट घरानों को समर्पित बजट है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के लिए बजट में कुछ नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ की एक बार फिर उपेक्षा हुई है। डबल इंजन की सरकार ने छत्तीसगढ़ को ठगा है। छत्तीसगढ़ के कोयला और खनिज संसाधनों के दोहन के लिए कोरिडोर बनाने की बात की गयी है, लेकिन छत्तीसगढ़ के विकास के लिए राज्य को कुछ नहीं मिला। देश की सर्वाधिक कोयला, आयरन ओर, बाक्साईट देने वाले छत्तीसगढ़ की इस बार भी मोदी सरकार ने उपेक्षा किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि महंगाई कम करने, नये रोजगार सृजन और करों को छूट देने में यह बजट नाकाम साबित हो गया है। बजट से युवा और छोटे व्यापारी निराश हुए है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि वित्त मंत्री ने बजट में एक बार फिर झूठा दावा किया कि 25 करोड़ लोगों को इन्होंने गरीबी रेखा से बाहर निकाला जबकि आज भी देश की आबादी का 61 प्रतिशत लोगों 81 करोड़ को सरकार 5 किलो राशन देने का दावा करती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 2 करोड़ रोजगार के लिए भी बजट में कुछ नहीं है। लघु उद्योगों के लिए मात्र 10 हजार करोड़ का प्रावधान बजट में है। यह ऊंट के मुंह में जीरा है। बजट में कृषि क्षेत्र की उपेक्षा की गयी है, पहले किसानों की आय दुगुनी करने की बात करने वाले इस बजट में दुगुना करने के लिए कोई प्रावधान नहीं किये, अब किसानों की आय बढ़ाने की बात कर रहे है।