रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता विभाग ने एक बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए सौरभ शर्मा को आगामी आदेश तक छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ मर्यादित, रायपुर के बोर्ड की शक्तियों के प्रयोग हेतु प्राधिकृत किया है। विभाग द्वारा यह निर्णय छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 की धारा 49(8) तथा छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी नियम 1962 के प्रावधानों के तहत गठित छानबीन समिति की अनुशंसा पर लिया गया है। बुधवार को सौरभ शर्मा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ सदस्य और सहकार भारती के प्रदेश महासचिव कनीराम की मौजूदगी में पद का विधिवत् कार्यभार ग्रहण किया।
जानिए कौन हैं सौरभ शर्मा
सौरभ शर्मा सहकारिता, पत्रकारिता, सामाजिक नेतृत्व एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का लंबा और व्यापक अनुभव रखते हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो वे एम.ए. (इतिहास), एल.एल.बी. तथा एम.जे.एम.सी. की उच्च डिग्रियों से संपन्न हैं। वर्तमान में वे ‘सहकार भारती, छत्तीसगढ़’ में प्रदेश कार्यालय मंत्री के दायित्व का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं।
सामाजिक विकास में उल्लेखनीय योगदान
श्री शर्मा को पत्रकारिता, जनसंपर्क, सहकारी संस्थाओं के गठन, किसान उत्पादक संगठनों (FPO), महिला सहकारिता तथा डिजिटल मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए जाना जाता है। वे आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) एवं डिजिटल माध्यमों के उपयोग द्वारा जनजागरण और संगठन निर्माण के अभिनव मॉडल विकसित करने में माहिर हैं। इसके अलावा, उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सामाजिक समरसता, ग्राम विकास, किसान उत्थान, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय विकास तथा युवा नेतृत्व निर्माण के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।