इन्दौर में दूषित जल से 15 मौतें, 500 से अधिक बीमार –
मानव निर्मित त्रासदी : अरूण यादव
देश-विदेश में इन्दौर की छवि को गहरा आघात
महापौर व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय नैतिकता के आधार पर दें इस्तीफा
उच्च स्तरीय सीबीआई जांच और दोषियों की बर्खास्तगी की मांग
खरगोन / इंदौर । पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरूण यादव ने इन्दौर के भागीरथपुरा में दूषित जल पीने से 15 नागरिकों की असमय व दर्दनाक मृत्यु तथा 500 से अधिक लोगों के गंभीर रूप से बीमार होने की घटना पर गहरा शोक एवं आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही और संवेदनहीन शासन व्यवस्था का परिणाम बताते हुए कहा कि यह घटना देश, प्रदेश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इन्दौर को शर्मसार करने वाली है।
श्री यादव ने कहा कि इन्दौर को वर्षों से स्वच्छता में देश का सिरमौर बताया जा रहा है, लेकिन यह घटना यह साबित करती है कि सिर्फ दिखावटी स्वच्छता से नागरिकों की जान सुरक्षित नहीं होती। “यहॉं ‘दिया तले अंधेरा’ की कहावत पूरी तरह चरितार्थ हो रही है। जिस शहर को मॉडल सिटी कहा जाता है, वहां नागरिकों को पीने का सुरक्षित पानी तक नसीब नहीं हो पा रहा।”
उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक घटना से समूचे देश और प्रदेश के नागरिकों को गहरा आघात पहुंचा है। यह कोई प्राकृतिक आपदा नहीं बल्कि मानव निर्मित त्रासदी है, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और नगर निगम की है।
अरूण यादव ने कहा कि इन्दौर में लगातार वर्षों से भाजपा का प्रतिनिधित्व रहा है। महापौर, विधायक और कैबिनेट मंत्री इन्दौर से ही हैं, इसके बावजूद उनकी नाक के नीचे इस तरह की गंभीर लापरवाही होना शासन की विफलता और प्रशासनिक नाकामी को दर्शाता है।
श्री यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि – इन्दौर के महापौर को नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को भी इस गंभीर चूक की जिम्मेदारी लेते हुए पद से त्यागपत्र देना चाहिए।
श्री यादव ने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र सीबीआई जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके और किसी भी स्तर पर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, ठेकेदारों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि दूषित जल आपूर्ति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए। मृतकों के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा और बीमार नागरिकों को निःशुल्क व बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
अंत में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस गंभीर जनहित के मुद्दे पर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती तथा पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।