रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगर निगम में चुनावों में भाजपा लगातार जीत की ओर आगे बढ़ रही है। बात करें राजधानी रायपुर की तो यहां खबर लिखे जाने तक बीजेपी उम्मीदवार मीनल चौबे 37000 से ज्यादा वोट लेकर अपनी जीत सुनिश्चित कर चुकीं हैं। बात अंबिकापुर की करें तो यहां बीजेपी की मंजूषा भगत ने 5000 वोट से जीत दर्ज की है। वहीं चिरमिरी में कांग्रेस प्रत्याशी विनय जायसवाल चुनाव हार गए हैं। फिलहाल छत्तीसगढ़ के 10 निगम, 49 पालिका और 113 नगर पंचायत में मेयर पार्षद और अध्यक्ष पदों के लिए वोटों की गिनती जारी है। जानकारी आ रही है कि धमतरी, भानुप्रतापपुर, पखांजूर नपं अध्यक्ष पद पर BJP ने कब्जा कर लिया है। इसके अलावा चिरमिरी, मुंगेली , पंडरिया, पिपरिया, बोरला , लोहारा, जैजैपुर कई जगह बीजेपी जीत दर्ज करती नजर आ रही है। राजधानी में भाजपा की मेयर प्रत्याशी मीनल चौबे लगातार बढ़त बनाई हुई हैं। मीनल 46404 वोट से बढ़त बनाई हुई हैं। मीनल चौबे को अब तक 93,858 वोट मिले हैं। तो कांग्रेस की उम्मीदवार दीप्ति दुबे को 47,554 वोट मिले हैं। खबर आ रही है कि बिलासपुर में कांग्रेस के प्रमोद नायक 20 हजार वोटों से पीछे हो गए हैं, भाजपा की पूजा विधानी बढ़त बना ली है। इसी तरह कोरबा नगर निगम में बीजेपी की महापौर प्रत्याशी संजू देवी राजपूत 23,000 वोटो से आगे हैं। खबर ये भी आ रही है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पाटन में बीजेपी की जीत हो गई है।


