कांकेर। अबूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच पिछले तीन दिन पहले हुई मुठभेड़ में जवानों ने दो महिला समेत पांच वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया है। इस सफल ऑपरेशन के बाद जवानों की अंतिम टुकड़ी आज जंगल से वापस कैंप पहुंची है। जानकारी आई है कि इस मुठभेड़ में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए बड़ी साजिश रची थी। जिसे जवानों ने नाकाम कर दिया है। यहां नक्सलियों ने जवानों को जाल से फंसाने के लिए घटनास्थल पर स्पाइक होल बनाया था। इसका खुलासा जवानों ने किया है। इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है। जिस जगह मुठभेड़ हुई थी उस जगह नक्सलियों ने यह साजिश रची थी। नक्सलियों ने जवानों को फंसाने के लिए जगह-जगह स्पाइक होल बना रखे थे। सुरक्षाबलों की सतर्कता और सूझबूझ से ये साजिश विफल हो गई। सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को 10 से अधिक स्पाइक होल मिले। जवानों की वापसी के बाद ये मामला सामने आया है। आपको बता दें कि मुठभेड़ में जवानों ने 5 नक्सलियों को मार गिराया गया था। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के कब्जे से INSAS राइफल, SLR राइफल, 12 बोर की 3 राइफलें और BGL (बैरेल ग्रेनेड लॉन्चर) सहित बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। इस मुठभेड़ में दो जवान भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज रायपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है।